भागलपुर : शंकरपुर घाट पर मौत को मात — गंगा में डूब रहे युवक को आपदा मित्रों ने बचाया, टली बड़ी दुर्घटना

भागलपुर | 23 अक्टूबर 2025: भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकरपुर घाट पर बुधवार की सुबह गंगा स्नान के दौरान एक युवक की जान मुश्किल में पड़ गई। नदी की तेज धारा में डूब रहे युवक को मौके पर मौजूद दो आपदा मित्रों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बचा लिया।

डूबने वाले युवक की पहचान हर्ष चौधरी, निवासी लाल कोठी, ततारपुर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हर्ष बुढ़ानाथ मंदिर के पास शंकरपुर घाट पर नहा रहा था। जैसे ही वह थोड़ा आगे बढ़ा, अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह लहरों में समाने लगा।

घाट पर मौजूद भीड़ मदद के लिए शोर मचाने लगी। उसी समय ड्यूटी पर तैनात आपदा मित्र मोहम्मद मुस्तकीम और बंटी ने बिना एक पल गंवाए गंगा में छलांग लगा दी। दोनों ने मिलकर तेज धारा से संघर्ष करते हुए हर्ष को बाहर निकाला। कुछ देर तक हर्ष की हालत नाजुक रही, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर लाया गया।

घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने दोनों आपदा मित्रों की जमकर तारीफ की। सभी ने कहा कि उनकी सतर्कता और हिम्मत से आज एक परिवार उजड़ने से बच गया।

गौरतलब है कि आपदा प्रबंधन विभाग की “आपदा मित्र योजना” के तहत ऐसे प्रशिक्षित युवकों की तैनाती जिले के प्रमुख घाटों पर की जाती है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव संभव हो सके।

स्थानीय प्रशासन ने भी इस वीरता की सराहना करते हुए दोनों आपदा मित्रों को सम्मानित करने की अनुशंसा की है।


 

  • ये भी पढ़े..

    भरत तिवारी एनकाउंटर पर बगहा में उबाल, युवाओं ने निकाला कैंडल मार्च और निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

    Share Add as a preferred…

    बिहार की बैंकिंग व्यवस्था ने रचा इतिहास, 6.5 लाख करोड़ जमा राशि के साथ CD Ratio पहली बार 60% के पार

    Share Add as a preferred…