विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस की सख्त कार्रवाई — जगदीशपुर में 19 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ कुख्यात तस्कर गिरफ्तार

भागलपुर | 23 अक्टूबर 2025: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भागलपुर पुलिस अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने में जुट गई है। वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत के निर्देश पर जिलेभर में चोरी, छिनतई और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में जगदीशपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक को 19 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद सोनू, पिता स्वर्गीय आजाद मिस्त्री, निवासी दीन नगर, पुरैनी के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल ब्राउन शुगर की सप्लाई में किया जा रहा था।

थाना अध्यक्ष अभय शंकर ने बताया कि गिरफ्तार युवक पुरैनी रेलवे स्टेशन के आसपास सक्रिय गिरोह का सदस्य था, जो यात्रियों से मोबाइल छीनने जैसी घटनाओं में शामिल रहा है। कुछ दिन पूर्व हुई एक मोबाइल छिनतई के दौरान एक युवक की मौत के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। उस घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में थी।

अभय शंकर ने बताया कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। चोरी, लूट, अवैध शराब और मादक पदार्थों की सप्लाई पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

गिरफ्तार अभियुक्त पर जगदीशपुर और बाईपास थाना क्षेत्र में करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस को उम्मीद है कि उसकी गिरफ्तारी से इस इलाके में सक्रिय तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश होगा।

फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत स्थानीय थाना को दें, ताकि चुनावी माहौल शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बना रहे।


 

  • ये भी पढ़े..

    OBC छात्राओं के लिए IIT पटना से कोचिंग सहयोग, मेडिकल-इंजीनियरिंग तैयारी को मिलेगा नया बल

    Share Add as a preferred…

    बिहार संग्रहालय बना देश का रोल मॉडल, 9 राज्यों के संग्रहालय विकास में निभा रहा अहम योगदान

    Share Add as a preferred…