
नवगछिया, 28 जुलाई 2025 — भागलपुर जिले के नवगछिया प्रमंडल में जल संसाधन विभाग द्वारा बाढ़ सुरक्षा को लेकर व्यापक तैयारी और संघर्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों की सतत निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया के तहत संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा उपायों को समय पर लागू किया गया है।
ब्रहमोतर और काजीकोरैया तटबंध सुरक्षित
गोपालपुर प्रखंड स्थित ब्रहमोतर बाँध की सुरक्षा के लिए जिला आपदा शाखा और वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर आवश्यक बाढ़ सुरक्षा कार्य पूरे कर लिए गए हैं। इसी प्रकार, खरीक प्रखंड में गंगा नदी के बाएं किनारे स्थित काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बाँध के मजबूतीकरण का कार्य भी संपन्न हो चुका है। दोनों स्थलों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
इस्माईलपुर-बिन्द टोली स्पर संख्या-09 पर दबाव, कटाव रोकने को युद्धस्तर पर कार्य
गोपालपुर के इस्माईलपुर-बिन्द टोली तटबंध के अंतिम छोर पर स्थित स्पर संख्या-09 पर गंगा नदी के अत्यधिक जल दबाव और अंडरमाइनिंग के कारण डाउनस्ट्रीम की ओर लगभग 60 मीटर लंबाई में स्पर सिंक कर गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधीक्षण अभियंता, मुख्य अभियंता कटिहार, और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में तत्काल बाढ़ संघर्षात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।
फिलहाल कटाव को रोकने हेतु युद्धस्तर पर कार्य जारी है। बाढ़ नियंत्रण विभाग की टीम पूरी सतर्कता से स्थल पर डटी हुई है।
अन्य संभावित स्थलों पर भी सतर्कता
जल संसाधन विभाग अन्य संभावित बाढ़ प्रभावित स्थलों पर भी सक्रिय है और जरूरत के अनुसार तुरंत कार्य प्रारंभ कर रहा है। क्षेत्रीय स्थिति पर विभागीय अधिकारी लगातार निगरानी रखे हुए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया दी जा सके।


