
भागलपुर, 28 जुलाई 2025 — कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित युवा अभिव्यक्ति कार्यशाला के अंतर्गत मंजूषा चित्रकला कार्यशाला हेतु महिला कलाकारों की चयन प्रक्रिया आज सफलतापूर्वक पूर्ण की गई। यह आयोजन आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र, बड़ी खंजरपुर (खीरनीघाट) में संपन्न हुआ।
साक्षात्कार के आधार पर 30 कलाकारों का हुआ चयन
कार्यशाला में भागीदारी के लिए ऑनलाईन आवेदन के माध्यम से प्राप्त प्रविष्टियों के अतिरिक्त इच्छुक प्रतिभागियों से पूर्व में तैयार की गई तीन मंजूषा पेंटिंग प्रस्तुत करने को कहा गया था। इन पेंटिंग्स के आधार पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी की अध्यक्षता में वरिष्ठ कलाकार मनोज पंडित, डॉ. उलूपी कुमारी, एवं सुमना देवी ने साक्षात्कार लिया।
कुल 66 पंजीकृत प्रतिभागियों में से 30 महिला कलाकारों का चयन किया गया, जिन्हें 29 जुलाई से 2 अगस्त 2025 तक आयोजित होने वाली कार्यशाला में मंजूषा पेंटिंग की पारंपरिक शैली, संरचना, रंग विन्यास और पौराणिक तत्वों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
29 जुलाई को होगा कार्यशाला का उद्घाटन
कार्यशाला का औपचारिक उद्घाटन 29 जुलाई 2025 को किया जाएगा, जिसमें मंजूषा कला से जुड़े प्रशिक्षक, पदाधिकारी एवं कलाप्रेमी शामिल होंगे।
प्रशिक्षण में होगा इतिहास और पारंपरिक तत्वों का समावेश
इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को मंजूषा कला के ऐतिहासिक, पौराणिक और पारंपरिक स्वरूपों की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान थ्योरी क्लास के माध्यम से मंजूषा चित्रकला की मूल संरचना, रेखांकन शैली और लोक परंपरा से जुड़े पहलुओं को गहराई से समझाया जाएगा।


