
भागलपुर। जिले के नारायणपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का औचक निरीक्षण सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद सिंह ने किया। निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करना था।
डॉ. सिंह ने ओपीडी से लेकर इमरजेंसी वार्ड तक सभी विभागों में पहुंचकर वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति और कार्य प्रणाली की जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि अस्पताल को लेकर कुछ स्थानीय लोगों द्वारा शिकायत की गई थी कि गंभीर मरीजों के साथ दुर्व्यवहार होता है और इलाज में कोताही बरती जाती है।
इस संदर्भ में सिविल सर्जन ने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा इलाज की आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं की गई थी। गंभीर मरीज को रेफर किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन उसने न तो पर्ची कटवाई और न ही औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बावजूद उसने अस्पताल व्यवस्था को लेकर शिकायत कर दी।
डॉ. सिंह ने कहा कि “यहां डॉक्टरों की संख्या कम है, लेकिन जो चिकित्सक कार्यरत हैं, वे अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ओपीडी में नियमित सेवा दी जा रही है। दवा वितरण प्रणाली भी सुचारु है, पर्चा कट रहा है और मरीजों को दवाएं दी जा रही हैं।”
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार, हेल्थ मैनेजर शंकर पासवान, डॉ. कुमार दीपक, डाटा ऑपरेटर रिशु कुमार, बड़ा बाबू मोहम्मद जाकी इमाम, रोशन कुमार, अनिमेष झा, बृजेश कुमार ठाकुर, प्रियंका कुमारी, पूजा कुमारी, अनिता कुमारी समेत अन्य कर्मी मौजूद थे।


