बिहार में शादी का लालच देकर 8 माह के मासूम का अपहरण, चाची-भतीजा गिरफ्तार

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले से अपहरण का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी का लालच देकर एक दिव्यांग युवक से 8 माह के मासूम का अपहरण कराया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मासूम को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी चाची-भतीजे को गिरफ्तार कर न्यायालय के सुपुर्द कर दिया।

रात में मां के पास से उठा ले गया मासूम

घटना छबिलापुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव की है। पुलिस के अनुसार, 26 जून की देर रात महेश मांझी का 8 माह का बेटा जनसुराज मांझी अपनी मां के पास घर के बाहर सो रहा था। इसी दौरान गांव के रहने वाले दिव्यांग युवक धर्मेंद्र कुमार ने बच्चे का अपहरण कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कंचनपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार और मिंटू देवी के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में चाची-भतीजा हैं।

शादी का झांसा देकर कराया अपहरण

राजगीर डीएसपी संजित कुमार गुप्ता ने बताया कि बच्चे के गायब होने की सूचना मिलते ही विशेष जांच टीम गठित की गई। गांव के 31 घरों की जांच और सत्यापन के दौरान धर्मेंद्र और मिंटू देवी की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं।

पूछताछ में धर्मेंद्र ने बताया कि उसकी चाची ने उससे कहा था कि यदि वह एक छोटा बच्चा लाकर देगा तो उसकी शादी करा दी जाएगी। इसी लालच में आकर उसने बच्चे का अपहरण किया।

पुलिस के अनुसार, मिंटू देवी की योजना बच्चे को अपनी फुफेरी गोतनी की निःसंतान बेटी को सौंपने की थी।

बच्चा सकुशल बरामद

पुलिस की लगातार दबिश के कारण आरोपी घबरा गया और बच्चे को गांव के बाहर एक बधार में छोड़कर फरार होने की कोशिश की। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।

अस्पताल में हंगामा

गिरफ्तारी के बाद जब दोनों आरोपियों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लाया गया तो बच्चे की मां गुस्से से भर उठीं और उन्होंने आरोपी पर चप्पल से हमला करने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें शांत कराया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • ये भी पढ़े..

    ‘बेटी हुई है’ लिखवाकर नई कार से पूरे शहर में निकले पिता, किशनगंज में बेटी के जन्म का अनोखा जश्न बना मिसाल

    Share Add as a preferred…

    खान सर को पटना कोर्ट से बड़ी राहत, 3 जुलाई तक गिरफ्तारी पर रोक बरकरार; पुलिस से मांगी केस डायरी और बॉडीगार्ड के हथियारों की रिपोर्ट

    Share Add as a preferred…