
गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के करवतही गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शराब की लत से परेशान एक परिवार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब खरीदने के लिए पत्नी से पैसे नहीं मिलने पर एक व्यक्ति ने गुस्से में खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया। घायल का इलाज मॉडल सदर अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, करवतही गांव निवासी व्यक्ति शराब पीने का आदी है। घटना के समय वह अपनी पत्नी से शराब खरीदने के लिए रुपये मांग रहा था। पत्नी ने घर की खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
परिजनों के मुताबिक, पत्नी द्वारा पैसे नहीं देने से नाराज होकर व्यक्ति ने घर में रखा चाकू उठा लिया और खुद को घायल कर लिया। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल पहुंचाया।
घायल की पत्नी मुनि खातून ने बताया कि उनका परिवार चूड़ी बेचकर किसी तरह अपना गुजारा करता है। घर में छोटे-छोटे बच्चे हैं और उस समय उनके पास पैसे नहीं थे। उन्होंने कहा कि पति लगातार शराब पीने के लिए रुपये मांग रहे थे, लेकिन मजबूरी में वह पैसे नहीं दे सकीं।
पत्नी के अनुसार, पैसे नहीं मिलने पर उनके पति गुस्से में आ गए और खुद को चाकू मार लिया। घटना के बाद उन्होंने आसपास के लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलने के बाद गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।


