
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव में एक महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रिंकू देवी के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या का आरोप महिला के पति मनोज भगत पर लगाया है।
परिजनों के अनुसार रिंकू देवी पिछले करीब एक महीने से अपने मायके में रह रही थीं। उनका पति, जो विदेश में नौकरी करता है, हाल ही में भारत लौटा था और शुक्रवार शाम ससुराल पहुंचा। आरोप है कि रात में सभी के सो जाने के बाद उसने धारदार हथियार से पत्नी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
मृतका के परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष रिंकू देवी को पसंद नहीं करता था और उनके साथ मारपीट एवं प्रताड़ना की जाती थी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पति का परिवार उसकी दूसरी शादी कराना चाहता था।
घटना की सूचना मिलने पर राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एफएसएल टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश कर रही है तथा आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
डीएसपी अभिजीत कौर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


