बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर के ‘242 विधायकों पर भारी पड़ूंगा’ बयान पर बीजेपी का पलटवार, मनन मिश्रा बोले- “पहले जमानत बचा लें”

पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि यदि वे विधानसभा पहुंचते हैं तो अकेले ही 242 विधायकों पर भारी पड़ेंगे। उनके इस बयान पर बीजेपी सांसद मनन मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

“पहले अपनी जमानत बचा लें”

मीडिया से बातचीत में मनन मिश्रा ने कहा कि प्रशांत किशोर पहले भी विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं और उनकी पार्टी ने 200 से अधिक उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन परिणाम सबके सामने है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा,

“प्रशांत किशोर पहले अपनी जमानत बचा लें, वही उनके लिए बहुत बड़ी बात होगी।”

प्रशांत किशोर ने मांगा जनता का समर्थन

उधर, प्रशांत किशोर ने चुनाव प्रचार तेज करते हुए पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बांकीपुर के मतदाताओं से समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के लोग बिहार के सबसे पढ़े-लिखे और जागरूक मतदाता हैं तथा उन्हें सबसे योग्य उम्मीदवार को चुनना चाहिए।

उन्होंने कहा,

“अगर बांकीपुर की जनता मुझ पर भरोसा करती है, तो मैं उनसे अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करता हूं।”

“मैं अकेला 242 विधायकों पर भारी पड़ूंगा”

प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि वे विधानसभा पहुंचते हैं तो उनकी आवाज अकेले ही बाकी 242 विधायकों पर भारी पड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह उपचुनाव सिर्फ एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज पर जनता की राय भी होगा।

क्यों हो रहा है उपचुनाव?

बांकीपुर विधानसभा सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई। विधानसभा सदस्यता से उनके इस्तीफे के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

जन सुराज की कोर कमेटी ने प्रशांत किशोर को इस सीट से उम्मीदवार बनाने का फैसला लिया है।

चुनाव कार्यक्रम

  • नामांकन की अंतिम तिथि: 13 जुलाई
  • मतदान: 30 जुलाई
  • मतगणना: 3 अगस्त

बांकीपुर उपचुनाव में एक ओर प्रशांत किशोर अपनी राजनीतिक ताकत की पहली बड़ी परीक्षा देंगे, वहीं बीजेपी अपनी परंपरागत सीट बचाने की चुनौती का सामना करेगी।

  • ये भी पढ़े..

    राहुल गांधी के बिहार दौरे पर बीजेपी का हमला, रविशंकर प्रसाद बोले- “जहां जाते हैं, कांग्रेस की लुटिया डूब जाती है”

    Share Add as a preferred…

    पटना हाईकोर्ट में सरकारी वकीलों की बहाली का नया नोटिस जारी, योग्य अधिवक्ताओं से आवेदन आमंत्रित

    Share Add as a preferred…