
बिदुपुर (वैशाली): बिहार के वैशाली जिले में एक शादी समारोह उस समय हंगामे और हिंसा में बदल गया जब बाराती और सराती पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में कई लोग घायल हो गए और पूरे पंडाल में अफरा-तफरी मच गई।
मामला बिदुपुर थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव का है, जहां जंदाहा से बारात पहुंची थी। जानकारी के अनुसार, नाच-गाने और जयमाला का कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और शुरुआत में माहौल पूरी तरह सामान्य था।
लेकिन स्थिति तब बिगड़ गई जब जयमाला के बाद दुल्हन अपने कमरे में सहेलियों के साथ चली गई। इसी दौरान दूल्हे पक्ष के कुछ युवक, जो खुद को दूल्हे के दोस्त बता रहे थे, कथित तौर पर जबरन कमरे में प्रवेश कर गए। इस पर दुल्हन पक्ष ने आपत्ति जताई और उन्हें बाहर निकाल दिया गया।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता गया और मामला देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। पंडाल में लात-घूंसे और लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे कई लोग घायल हो गए।
इसी बीच स्थिति और बिगड़ गई जब दुल्हन ने जयमाला के बाद ही शादी से इनकार कर दिया। इसके चलते दूल्हे को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। स्थानीय स्तर पर मामले को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।


