शादी की खुशियां मातम में बदली: किशनगंज में देवर की शादी में आई महिला की धारदार हथियार से हत्या

बिहार के किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड स्थित कुर्लीकोट थाना क्षेत्र के भैंसलोटी झपरगच्छ गांव में शादी समारोह के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देवर की शादी में शामिल होने आई 30 वर्षीय महिला की शुक्रवार देर रात धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान निवासी विकास पासवान की पत्नी गीता देवी के रूप में हुई है। वह करीब 25 दिन पहले परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने किशनगंज आई थीं। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक हुई इस वारदात ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात जब परिवार के लोग शादी की रस्मों में व्यस्त थे, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर के अंदर घुसकर गीता देवी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। शरीर पर कई गंभीर वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार सुबह करीब 4 बजे परिजनों ने खून से लथपथ शव देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही कुर्लीकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। शुरुआती जांच में आसपास के कुछ घरों में चोरी की घटनाएं भी सामने आई हैं। हरक लाल साह और दीपक देव के घर में ताला तोड़कर चोरी किए जाने की सूचना मिली है। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं चोरी का विरोध करने पर महिला की हत्या तो नहीं की गई।

ग्रामीणों का कहना है कि शादी वाले घर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिससे बाहरी व्यक्ति आसानी से घर में प्रवेश कर सकता था। वहीं परिवार ने किसी पुरानी रंजिश या विवाद से इनकार किया है।

कुर्लीकोट थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

  • ये भी पढ़े..

    बेगूसराय सड़क हादसे में 3 थानाध्यक्ष समेत 4 की मौत, प्रशिक्षण से लौटते वक्त उजड़ गए कई परिवार

    Share Add as a preferred…

    बिहार में ‘बिना सड़क की पुलिया’ का खेल! चंवर और नदी क्षेत्र में लाखों खर्च कर बना दी गईं 4 पुलिया, उठे बड़े सवाल

    Share Add as a preferred…