
बिहार में मौसम लगातार बदल रहा है। कभी तेज धूप, कभी आंधी-बारिश लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर रही है। रविवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों के लिए आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का अनुमान है।
पटना और मध्य-पश्चिमी जिले सुरक्षित
मौसम विभाग के अनुसार, पटना, गया और छपरा समेत कई पश्चिमी और मध्य बिहार के जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है। यहाँ मौसम सामान्य रहने और धूप निकलने की संभावना है, इसलिए राजधानी पटना में फिलहाल बारिश की उम्मीद कम है।
बारिश और तापमान का हाल
पिछले 24 घंटों में अररिया के रानीगंज में 50.4 मिमी, खगड़िया में 45 मिमी, भागलपुर में 32.8 मिमी और किशनगंज में 32.6 मिमी बारिश हुई। वहीं कैमूर जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रविवार और सोमवार पूर्वी बिहार के लिए खतरनाक हो सकते हैं। 31 मार्च को पूरे बिहार में रामनवमी के दिन तेज आंधी-तूफान की संभावना है। सीमांचल के जिलों में 30 मार्च को आंधी-बारिश का अनुमान है। 31 मार्च को उत्तर बिहार और दक्षिण-पूर्वी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।


