बिहार में बदला मौसम का मिजाज: 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कटिहार में सबसे ज्यादा बारिश

बिहार में प्री-मानसून गतिविधियों के चलते मौसम तेजी से करवट ले रहा है। सोमवार दोपहर से मंगलवार सुबह तक राज्य के 25 जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश कटिहार में हुई, जहां 132.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भी कई जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार को राज्य के 24 जिलों में तेज हवा, मेघगर्जन और बारिश की संभावना है। इनमें शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, वैशाली, सारण, सिवान, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, जमुई और बांका शामिल हैं। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। खासकर किशनगंज और पूर्णिया में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

वहीं पटना समेत जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय और गया में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में हल्की बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर रोहतास, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, कैमूर और अरवल में उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक बिहार में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। 28 और 29 मई तक 24 जिलों में आंधी और वज्रपात की संभावना है, जबकि 29 से 30 मई तक पूरे राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सुपौल, पूर्णिया, अररिया और पश्चिम चंपारण में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने किसानों के लिए विशेष सलाह जारी करते हुए कहा है कि बारिश और वज्रपात के दौरान खेतों में काम करने से बचें। खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।

  • ये भी पढ़े..

    प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण का संकल्प: बिहार कृषि विश्वविद्यालय में एक सप्ताह चला जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों ने ली प्लास्टिक बहिष्कार की शपथ

    Share Add as a preferred…

    वायरल हथियारबंद वीडियो को लेकर बड़ा खुलासा, नवगछिया नहीं बल्कि नाथनगर का निकला मामला; FIR दर्ज, एक आरोपी जेल भेजा गया

    Share Add as a preferred…