CJP आंदोलन पर शाहरुख खान के नाम से वायरल पोस्ट निकला फर्जी, फैक्ट चेक में हुआ बड़ा खुलासा

नई दिल्ली: CJP के नेतृत्व में चल रहे छात्र आंदोलन और NEET पेपर लीक विवाद के बीच बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के नाम से सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट तेजी से वायरल होने लगी। इस पोस्ट में दावा किया गया कि अभिनेता ने छात्रों के समर्थन में लंबा संदेश लिखते हुए पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और शांतिपूर्ण आंदोलन का समर्थन किया है। हालांकि, फैक्ट चेक में यह दावा पूरी तरह गलत साबित हुआ।

शाहरुख के नाम पर वायरल हुआ फर्जी स्क्रीनशॉट

वायरल स्क्रीनशॉट में दावा किया गया कि शाहरुख खान ने लिखा है कि देश के युवाओं की मेहनत का सम्मान होना चाहिए और उन्हें अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने का पूरा हक है। देखते ही देखते हजारों लोगों ने इस पोस्ट को असली मानकर शेयर करना शुरू कर दिया।

फैक्ट चेक में खुली सच्चाई

जांच में सामने आया कि शाहरुख खान के आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) और इंस्टाग्राम अकाउंट पर ऐसा कोई पोस्ट मौजूद नहीं है। यानी सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा स्क्रीनशॉट पूरी तरह फर्जी और एडिटेड था।

अब तक शाहरुख खान ने CJP आंदोलन, NEET पेपर लीक विवाद या छात्रों के प्रदर्शन को लेकर कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है।

फैंस ने भी लोगों से की अपील

सच्चाई सामने आने के बाद शाहरुख खान के कई प्रशंसकों ने लोगों से अपील की कि किसी भी वायरल पोस्ट या स्क्रीनशॉट पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें। फैंस ने कहा कि किसी भी सेलिब्रिटी के नाम से झूठे बयान फैलाना भ्रामक और गैर-जिम्मेदाराना है।

क्यों वायरल हुई अफवाह?

हाल के दिनों में सलमान खान, आलिया भट्ट, करीना कपूर, शबाना आजमी और अन्य कई फिल्मी हस्तियां छात्र आंदोलन और शिक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी राय रख चुकी हैं। इसी वजह से सोशल मीडिया पर शाहरुख खान की प्रतिक्रिया को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही थीं। इसी माहौल का फायदा उठाकर एक फर्जी स्क्रीनशॉट वायरल कर दिया गया।

‘किंग’ की शूटिंग में व्यस्त हैं शाहरुख

वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान इन दिनों निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म में उनके साथ सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, राघव जुयाल और रानी मुखर्जी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिलहाल, छात्र आंदोलन पर शाहरुख खान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

  • ये भी पढ़े..

    मुंगेर पुलिस की अपील: प्रदर्शन में उपद्रव करने वालों की पहचान बताएं, छात्रों से अफवाहों से दूर रहने को कहा

    Share Add as a preferred…