CJP का आंदोलन 35वें दिन भी जारी, सरकार से वार्ता पर सस्पेंस; धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक पीछे हटने से इनकार

नई दिल्ली: NEET-UG 2026 पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन शुक्रवार को 35वें दिन भी जारी रहा। CJP ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

इसी बीच, CJP के आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर किए गए एक पोस्ट ने केंद्र सरकार के साथ दोपहर 12:30 बजे प्रस्तावित वार्ता को लेकर नई अटकलों को जन्म दे दिया है। हालांकि, बातचीत होगी या नहीं, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

वार्ता को लेकर बढ़ा सस्पेंस

CJP के पोस्ट के बाद सरकार और आंदोलनकारियों के बीच प्रस्तावित बातचीत को लेकर सस्पेंस गहरा गया है। इससे पहले CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा था कि सरकार ने उनकी यह मांग मान ली है कि बातचीत किसी तटस्थ स्थान पर हो। इसके लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया को चुना गया है।

वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी कहा था कि सरकार किसी भी मुद्दे पर बातचीत के लिए तैयार है और इसे प्रतिष्ठा का प्रश्न नहीं बना रही है।

संसद में भी गरमाया मुद्दा

उधर, संसद के मानसून सत्र के दौरान भी यह मुद्दा लगातार गूंज रहा है। शुक्रवार को लगातार चौथे दिन विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई।

प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसद तख्तियां और बैनर लेकर पहुंचे, जिन पर शिक्षा मंत्री को हटाने की मांग लिखी गई थी। विपक्ष का आरोप है कि पेपर लीक मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए धर्मेंद्र प्रधान को पद छोड़ देना चाहिए।

सत्ता और विपक्ष आमने-सामने

गुरुवार को संसद परिसर में एनडीए और INDIA गठबंधन के सांसद आमने-सामने प्रदर्शन करते नजर आए थे। जहां विपक्ष शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहा है, वहीं एनडीए का आरोप है कि विपक्ष जानबूझकर इस मुद्दे पर संसद में चर्चा नहीं होने देना चाहता।

इस बीच, सरकार और CJP के बीच संभावित वार्ता को लेकर सभी की नजरें टिकी हैं। यदि बातचीत होती है तो यह आंदोलन के भविष्य की दिशा तय करने में अहम साबित हो सकती है।

  • ये भी पढ़े..

    परीक्षा विवाद पर बिहार में बवाल, ईंट-पत्थर, लाठीचार्ज और गोलियां… जहानाबाद में NEET आंदोलन का उग्र चेहरा

    Share Add as a preferred…