पटना/रोहतास: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) में टूट और असंतोष की खबरों ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। पार्टी से लगातार इस्तीफों और विधायकों की नाराजगी की चर्चाओं के बीच आरएलएम सुप्रीमो और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा का बड़ा बयान सामने आया है।
टूट की खबरों पर कुशवाहा ने तोड़ी चुप्पी

रोहतास दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी में टूट की सभी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने सवाल पूछने वाले पत्रकारों पर ही नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह के सवालों का कोई आधार नहीं है।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा,
“सूत उठकर चले आए हैं। क्या फालतू-फालतू सवाल कर रहे हैं। आप लोगों के पास कोई वाजिब सवाल ही नहीं है। कोई सवाल हो तो उसका जवाब दिया जाए।”
‘बेवजह मुद्दा बनाया जा रहा है’
पटना में आयोजित पार्टी की लिट्टी-चोखा पार्टी में तीन विधायकों की गैरमौजूदगी को लेकर उठे सवालों पर भी कुशवाहा ने इसे गैर-मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि इस पर चर्चा करने का कोई औचित्य नहीं है और पार्टी पूरी तरह एकजुट है।
इस्तीफों से बढ़ी सियासी सरगर्मी
हालांकि, हकीकत यह है कि आरएलएम से दर्जनों कार्यकर्ताओं के इस्तीफे सामने आ चुके हैं। इसके साथ ही पार्टी के तीन विधायकों के असंतोष की खबरें लगातार चर्चा में हैं। इन हालात के बीच उपेंद्र कुशवाहा का यह बयान पहली बार सामने आया है।
पत्नी को टिकट, बेटे को मंत्री बनाए जाने से नाराजगी?
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के भीतर असंतोष की शुरुआत तब हुई जब सासाराम विधानसभा सीट से उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता को टिकट दिया गया और उन्होंने जीत दर्ज की। इसके बाद बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए जाने से पार्टी के अंदर नाराजगी खुलकर सामने आ गई और इस्तीफों का सिलसिला शुरू हो गया।
लिट्टी पार्टी में विधायक नदारद
पार्टी की एकजुटता दिखाने के लिए आयोजित लिट्टी-चोखा भोज में आरएलएम के चार में से तीन विधायक शामिल नहीं हुए। इनमें रामेश्वर महतो, आलोक कुमार और माधव आनंद शामिल हैं। बाद में ये तीनों विधायक भाजपा नेता नितिन नबीन के साथ मंच साझा करते हुए भी नजर आए, जिससे राजनीतिक अटकलों को और बल मिला।
भाजपा से नजदीकियों के बीच बढ़ी हलचल
भाजपा नेताओं के साथ आरएलएम विधायकों की बढ़ती नजदीकियों के बीच पार्टी में टूट की आशंका और गहराती जा रही है। हालांकि, उपेंद्र कुशवाहा इन सभी खबरों को अफवाह बताते हुए पूरी तरह नकार चुके हैं।



