दिनांक: 24 जून 2025 | भागलपुर: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा मंगलवार को भागलपुर पहुंचे। सर्किट हाउस में उनका भव्य स्वागत भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार के नेतृत्व में अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब तक 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है। यह आंकड़ा इस बात का प्रमाण है कि सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। हालांकि, इसका यह अर्थ नहीं कि अब वे पूरी तरह संपन्न हैं, लेकिन मोदी जी का प्रयास है कि देश के किसी नागरिक को भूखे पेट न सोना पड़े।”
मंत्री वर्मा ने आगे कहा, “भारत की अर्थव्यवस्था को 11वें स्थान से चौथे स्थान पर लाना कोई साधारण उपलब्धि नहीं है। यह प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता और समर्पित नेतृत्व का परिणाम है।”
स्वागत समारोह में भाजपा, जदयू और अन्य दलों के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से पीरपैती विधायक ई. ललन पासवान, विधान परिषद सदस्य डॉ. एन.के. यादव, जदयू जिला अध्यक्ष बीपीन बिहारी सिंह, रोहित पांडे, अभय घोष सोनू, वंदना तिवारी, योगेश पांडे, नितेश सिंह, राजेश टंडन, अश्विनी जोशी मौन्टी, प्राणिक वाजपेयी, रोशन सिंह, बिनु बिहारी, ओमप्रकाश तिवारी, प्रतिक आनंद, चंदन कर्ण, समरजीत कुमार और रितेश घोष सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।


