पटना।बिहार के पटना जिले के घोसवरी थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग माघ पूर्णिमा के अवसर पर मोकामा गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद गांव में मातम और परिजनों में कोहराम मच गया।
शेखपुरा से मोकामा जा रहे थे श्रद्धालु
पुलिस के अनुसार, शेखपुरा जिले के मेहुस थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव निवासी शनिवार देर रात जुगाड़ गाड़ी से मोकामा के लिए रवाना हुए थे। रविवार तड़के जब वे राष्ट्रीय उच्चपथ संख्या-33 पर घोसवरी थाना क्षेत्र में पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
तीन की मौके पर मौत, दो की हालत गंभीर
हादसे में लोदीपुर गांव निवासी
महेश मांझी (35),
मुन्नी मांझी (35) और
संजय मांझी (40)
की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं अशोक मांझी (पिता–लच्चो मांझी) और घनश्याम मांझी (पिता–बच्चू मांझी) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच, ट्रक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही घोसवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस अज्ञात ट्रक की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
गांव में पसरा मातम
एक साथ तीन लोगों की मौत से लोदीपुर गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।


