
भागलपुर। जिले के महेशी पंचायत अंतर्गत मोतीचक स्थित एनएम ईंट भट्ठा के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों की पहचान बासो कुमारी (उम्र 5 वर्ष), पिता मुनीलाल सदा, निवासी मुरला मुशहरी (छोटकी खड़िया, थाना बरियापुर) और गुलाबो कुमारी, पिता उदय मांझी, निवासी शिवनंदनपुर, सुल्तानगंज के रूप में हुई है। दोनों बच्चियां ईंट भट्ठा के पास खेल रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।
परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चियां भट्ठा के समीप बने एक गहरे गड्ढे के पास खेल रही थीं। इसी दौरान असंतुलन होने के कारण वे पानी भरे गड्ढे में गिर गईं और डूब गईं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में दोनों बच्चियों को बाहर निकालकर इलाज के लिए रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक बच्चियों के परिजन मुनीलाल सदा ने बताया कि वे ईंट भट्ठा में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं और यह हादसा उनके लिए असहनीय है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशिक्षु एएसपी सायम रजा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ईंट भट्ठों के आसपास बने खतरनाक गड्ढों को तत्काल भरा जाए या उन्हें सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह हादसा एक बार फिर लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की कमी को उजागर करता है, जिसने दो मासूम जिंदगियों को समय से पहले ही खत्म कर दिया।


