
भागलपुर। सुल्तानगंज नगर परिषद के सभागार में नगर सभापति की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नगर विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार, उपसभापति नीलम देवी, वार्ड पार्षद संजय चौधरी, नवीन कुमार बन्नी सहित समिति के सदस्य, पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर नगर परिषद के विभिन्न विकास कार्यों और व्यवस्थाओं को लेकर गहन विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान कुल नौ एजेंडों पर चर्चा की गई, जिनमें शहर के सभी वार्डों में सड़क और नाला निर्माण, नालों की नियमित सफाई, नए कर्मचारियों की नियुक्ति और हटिया बाजार की बंदोबस्ती जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल थे। इसके अलावा आने वाले श्रावणी मेला को देखते हुए अजगैविनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष जोर दिया गया।
नगर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए फॉगिंग और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव को लेकर भी निर्णय लिया गया, ताकि मौसमी बीमारियों से लोगों को राहत मिल सके। बैठक में शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने पर सहमति बनी।
नगर सभापति ने बताया कि सभी एजेंडों पर गंभीरता से विचार कर प्रस्ताव पारित किए गए हैं और जल्द ही इन पर अमल शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य है कि सुल्तानगंज को स्वच्छ, व्यवस्थित और विकासशील शहर बनाया जाए।
बैठक में प्रधान सहायक राजीव रंजन चौधरी, स्वच्छता अधिकारी समेत नगर परिषद के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया कि शहर के विकास कार्यों को तेजी और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाया जाए।


