
जहानाबाद: जिले में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। वायरल वीडियो में बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक खुलेआम हथियार का प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
काको थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है वीडियो
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो काको थाना क्षेत्र के लोहा बीघा गांव का बताया जा रहा है। वीडियो में तीन युवक बुलेट पर सवार नजर आ रहे हैं, जिनमें से दो युवक हाथ में हथियार लेकर उसका प्रदर्शन करते दिख रहे हैं। सार्वजनिक सड़क पर इस तरह हथियार लहराने का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है और उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की जा रही है।
घोसी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) कृति कमल ने बताया कि वीडियो की जांच जारी है और प्रारंभिक जांच में कुछ युवकों की पहचान घोसी एवं काको थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले युवकों के रूप में हुई है।
“वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
— कृति कमल, एसडीपीओ, घोसी
गिरफ्तारी के लिए चल रही छापेमारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक वीडियो में हथियार का प्रदर्शन करने वाले युवकों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस उनकी गतिविधियों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
कानून व्यवस्था को चुनौती!
सार्वजनिक जगह पर हथियार लहराने का यह मामला कानून व्यवस्था के लिए चुनौती माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


