लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर अजगैविनाथ धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब, बिहार-झारखंड से उमड़े हजारों भक्त

सुल्तानगंज | भागलपुर | 23 अक्टूबर 2025: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सुल्तानगंज स्थित अजगैविनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। बिहार और झारखंड सहित कई राज्यों से आए हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालु उत्तरवाहिनी गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि अजगैविनाथ धाम में गंगा स्नान करने से मनोवांछित फल प्राप्त होता है।

गौरतलब है कि नहाय-खाय से इस महापर्व की शुरुआत शनिवार से होगी, जबकि पहला अर्घ्य सोमवार को अस्ताचलगामी सूर्य को और दूसरा अर्घ्य मंगलवार को उदयीमान सूर्य को अर्पित किया जाएगा। इसी को लेकर श्रद्धालु पहले से ही गंगा जल लेने और स्नान करने के लिए पहुंचने लगे हैं।

गंगा घाटों पर सुबह से ही आस्था और श्रद्धा का दृश्य देखने को मिला। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा सामग्री के साथ गंगा तट पर पहुंचीं और छठ मइया से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

भीड़ बढ़ने के कारण शहर के कई हिस्सों में सड़क जाम की स्थिति भी बनी रही। इसे देखते हुए थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम किए गए हैं। पुलिस बल लगातार घाटों और मुख्य मार्गों पर तैनात है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

वहीं, नगर परिषद सुल्तानगंज द्वारा भी श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गंगा घाटों से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। घाटों पर प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की भी व्यवस्था की गई है।

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ेगी, ऐसे में सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।


 

WhatsApp Channel VOB का चैनल JOIN करें
  • Related Posts

    सिवान में रंगदारी का सनसनीखेज मामला, सांसद और विधायक को मिली जान से मारने की धमकी

    Continue reading
    नालंदा में उम्रदराज महिलाओं ने दी परीक्षा, साक्षरता अभियान में बढ़ा उत्साह

    Continue reading