पटना: बिहार में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने और राज्य को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षक गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, बिहार स्टेट फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (BSFDC) की आधिकारिक वेबसाइट https://biharfilm.web.app/ का शुभारंभ किया गया।
इस वेबसाइट का औपचारिक उद्घाटन बिहार के मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत एवं व्यय की सचिव श्रीमती रचना पाटिल द्वारा किया गया।
बिहार के शूटिंग स्थलों को मिलेगा वैश्विक मंच
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार ने सर्वप्रथम मुख्य सचिव सहित सभाकक्ष में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं अतिथियों को नव वर्ष की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने BSFDC की वेबसाइट की विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह वेबसाइट बिहार के विविध और समृद्ध शूटिंग लोकेशनों को अत्यंत प्रभावी, आधुनिक और आकर्षक ढंग से प्रस्तुत करती है।
उन्होंने बताया कि वेबसाइट पर उपलब्ध उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरों और विजुअल कंटेंट के माध्यम से देश-विदेश के फिल्म निर्माता बिहार के शूटिंग स्थलों को कहीं से भी आसानी से एक्सप्लोर कर सकते हैं, जिससे उन्हें वास्तविक लोकेशन का अनुभव प्राप्त होगा।
कलाकारों और फिल्म उद्योग के लिए एक समग्र डिजिटल प्लेटफॉर्म
श्री प्रणव कुमार ने आगे कहा कि इस वेबसाइट पर बिहार के कलाकारों का विस्तृत प्रोफाइल उपलब्ध कराया गया है, जिससे उन्हें बेहतर अवसर प्राप्त हो सकेंगे। इसके साथ ही यह प्लेटफॉर्म विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी सहायक सिद्ध होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म निर्माण से जुड़ी सामग्री एवं सेवाएँ प्रदान करने वाले निजी क्षेत्र के प्लेयर्स जैसे—लाइन प्रोड्यूसर, उपकरण प्रदाता, लोकेशन मैनेजर आदि भी इस वेबसाइट पर पंजीकरण कर सकते हैं, जिससे उनकी जानकारी फिल्म निर्माताओं तक आसानी से पहुँच सकेगी।
Ease of Doing Business की दिशा में बड़ा डिजिटल कदम
मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत ने अपने संबोधन में सभी उपस्थितजनों को नव वर्ष की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष के साथ सरकार अपने कार्यों में सकारात्मक सुधार और नवाचार जोड़ने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि हमारी निरंतर कोशिश रहती है कि सरकारी सिस्टम को और अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि Ease of Doing Business राज्य सरकार का मूल मंत्र है और वर्ष 2026 तक बड़े डिजिटल रिफॉर्म्स के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए BSFDC की यह वेबसाइट एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल है, जो फिल्म उद्योग को नई दिशा देगी।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, सांस्कृतिक कार्य निदेशालय की निदेशिका श्रीमती रूबी, पुरातत्व निदेशालय के निदेशक श्री कृष्णा कुमार, बिहार स्टेट फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अधिकारीगण तथा कला एवं संस्कृति विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन सामान्य प्रशासन विभाग के महानिदेशक एवं मुख्य जाँच आयुक्त, बिहार सरकार श्री दीपक कुमार सिंह द्वारा किया गया।


