बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट ककोलत जलप्रपात को राज्य के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में परिवहन विभाग ने एक अहम कदम उठाया है। नवादा जिले में पटना से नालंदा होते हुए नवादा तक नई सीधी बस सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस बस सेवा को ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
राजगीर और ककोलत एक ही सफर में
नई बस सेवा के शुरू होने से बिहार के दो प्रमुख पर्यटन स्थल राजगीर और ककोलत अब एक ही रूट पर जुड़ गए हैं। मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि इस रूट के चयन से पर्यटकों को विशेष लाभ मिलेगा। सर्दियों में राजगीर के प्रसिद्ध गर्म कुंड और गर्मियों में ककोलत जलप्रपात की ठंडी जलधाराओं का आनंद अब एक ही यात्रा में लिया जा सकेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए बस में आरामदायक और आधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं।
बस डिपो होंगे आधुनिक और आकर्षक
मंत्री ने बताया कि परिवहन विभाग राज्य के सभी बस डिपो का कायाकल्प कर रहा है। डिपो को आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक स्वरूप में विकसित किया जाएगा, ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके। फिलहाल इस रूट पर एक बस का संचालन शुरू किया गया है, लेकिन यात्रियों की संख्या बढ़ने पर भविष्य में बसों की संख्या में इजाफा किया जाएगा।
नए साल पर मुख्यमंत्री की सौगात
इस सीधी बस सेवा को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से बिहारवासियों के लिए नए साल का खास तोहफा माना जा रहा है। इससे न केवल पर्यटकों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि स्थानीय पर्यटन, रोजगार और व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकार का लक्ष्य बिहार की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक धरोहरों को आम लोगों तक सहज रूप से पहुँचाना है।
उद्घाटन समारोह में दिखी राजनीतिक एकजुटता
उद्घाटन समारोह में जिले के कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम में विधायक विनीता मेहता, भाजपा जिलाध्यक्ष, एनडीए के सभी घटक दलों के जिलाध्यक्ष, जदयू की वरिष्ठ नेत्री प्रो. प्रमिला कुमारी और भाजपा की वरिष्ठ नेत्री माधुरी बरनवाल सहित कई नेताओं ने भाग लिया। सभी ने इस पहल को नवादा और नालंदा के विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया।


