गर्भवती महिला को लाने गई एंबुलेंस गड्ढे में पलटी, भीड़ ने मेडिकल टेक्नीशियन को पीट-पीट कर मार डाला

बिहार में गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र में एक गर्भवती महिला को लाने गए एंबुलेंस के गड्ढे में पलटने से आक्रोशित ग्रामीणों ने एंबुलेंस में मौजूद ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन को पीट-पीट कर मार डाला।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि ढकनी बीह गांव की आशा कार्यकर्ता मुन्नी देवी की सूचना पर एंबुलेंस से मरीज लेने गई थी। एंबुलेंस बैक करते समय मरीज समेत गड्ढे में गिरकर पलट गई। चालक ने काफी प्रयास किया, लेकिन एंबुलेंस नहीं निकाल सका। इस पर मेडिकल टेक्नीशियन कुंदन ने अस्पताल में फोन कर दूसरा एंबुलेंस मंगवाया। इसी दौरान एंबुलेंस कर्मियों और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। चालक मौके से भाग गया लेकिन कुंदन को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और ईंट-पत्थरों से पीट-पीट कर मार डाला।

सूत्रों ने बताया कि दूसरे एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने कुंदन को सड़क किनारे मृत पड़ा पाया। पुलिस को शक हुआ कि कुंदन जिंदा है, इसलिए वे उसे पहले राजगीर ले गए। वहां के चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। लेकिन एंबुलेंस कर्मियों को विश्वास नहीं हुआ और वे उसे पावापुरी ले गए, वहां भी उसे मृत बताने पर वे शव को लेकर नीमचक बथानी सरकारी अस्पताल आ गए। इसके बाद घटना की सूचना कुंदन के परिजनों को दी गई। नीमचक बथानी के थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में सात लोगों के खिलाफ नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

इस बीच घटना को लेकर एंबुलेंस कर्मी वाहन के साथ गया समाहरणालय पहुंच गए और समाहरणालय का घेराव किया इस दौरान अपनी मांगों को लेकर वे सड़क पर बैठ गए, जिस कारण घंटों यातायात बाधित रहा। अपर पुलिस अधीक्षक पीएन साहू और सदर अनुमंडल अधिकारी किसलय श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस कर्मियों को समझाया बुझाया। काफी मशक्कत के बाद सड़क जाम को हटाया गया। श्रीवास्तव ने बताया कि एंबुलेंस पर सवार एक टेक्नीशियन की ग्रामीणों की पिटाई से मौत की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एम्बुलेंस कर्मियों ने कई तरह की मांगों को लेकर प्रदर्शन किया है। पूरे घटनाक्रम पर हमलोग नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल सड़क जाम को हटा दिया गया है।

  • Related Posts

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *