बांका में बालू माफियाओं का आतंक! खनन विभाग की टीम पर देर रात हमला, सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल

बांका: बिहार के बांका जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची जिला खनन विभाग की टीम पर बालू माफियाओं के गुर्गों ने हमला कर दिया। घटना रजौन थाना क्षेत्र के राजावर पंचायत स्थित कठरंग गांव की है, जहां बुधवार देर रात छापेमारी के दौरान दर्जनों हमलावरों ने खनन विभाग की टीम को निशाना बनाया। हमले में एक सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि विभाग की सरकारी स्कॉर्पियो गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, जिला खनन विभाग को क्षेत्र में अवैध बालू खनन की गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर खनन निरीक्षक, तीन सुरक्षा गार्ड और चालक के साथ टीम रात करीब 2 से 3 बजे के बीच छापेमारी के लिए कठरंग गांव पहुंची थी।

बताया जा रहा है कि कार्रवाई की भनक लगते ही दर्जनों बाइक सवार युवक लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने खनन विभाग की टीम को घेर लिया और स्कॉर्पियो वाहन पर ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। इस दौरान वाहन का पिछला शीशा टूट गया और अफरा-तफरी मच गई।

हमले के दौरान सुरक्षा गार्ड मनीष कुमार जैसे ही वाहन से नीचे उतरे, हमलावरों ने उन पर बांस से हमला कर दिया। इस हमले में उनके पैर में गंभीर चोट लगी। स्थिति बिगड़ती देख खनन विभाग की टीम किसी तरह वहां से निकलकर रजौन थाना पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

घायल जवान को पहले रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही गुरुवार सुबह पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन छापेमारी अभियान चलाया। एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की।

एसडीपीओ ने बताया कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर बिहार में अवैध बालू खनन और उससे जुड़े माफिया नेटवर्क की सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद बालू माफियाओं के हौसले किस कदर बुलंद हैं, यह घटना उसकी ताजा मिसाल बनकर सामने आई है।

  • ये भी पढ़े..

    पटना सिटी एसपी दीक्षा का कैडर बदला, बिहार से AGMUT कैडर में हुईं स्थानांतरित

    Share Add as a preferred…

    बिहार की चार महिला IPS अधिकारियों को मिला प्रमोशन, गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना

    Share Add as a preferred…