बेगूसराय में रंगदारी को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग! दर्जनों राउंड गोलियां चलने से दहशत, दो गिरफ्तार

बेगूसराय: बिहार में अपराध नियंत्रण के सरकारी दावों के बीच बेगूसराय से फायरिंग की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। लाखो थाना क्षेत्र के लोदीपुर शाहपुर गांव में कथित रंगदारी और वर्चस्व की लड़ाई को लेकर दर्जनों राउंड हवाई फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है और लोग दहशत में हैं।

पीड़ित राजेश कुमार ने आरोप लगाया है कि रंगदारी नहीं देने पर दबंगों ने उनके बुजुर्ग पिता के साथ मारपीट की। उनका कहना है कि जब उनके छोटे भाई अमरदीप ने बीच-बचाव की कोशिश की तो हमलावरों ने उस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। पीड़ित पक्ष ने पप्पू ठाकुर, राहुल ठाकुर और रोहित ठाकुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

हालांकि आरोपी पक्ष ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। आरोपी पक्ष की एक महिला सदस्य का कहना है कि चुनावी और पुरानी रंजिश के कारण उनके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। तलाशी के दौरान घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस और आठ खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि मोनू राय नामक युवक के पैर में गोली लगी है, जिसकी जांच की जा रही है।

लाखो थाना प्रभारी शुभम कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में गौरव कुमार उर्फ अमरदीप और राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    क्या दिल की बात बोल गए मंत्री साहब? रामकृपाल यादव ने कहा- “BJP अपने गिरेबान में झांके”

    Share Add as a preferred…

    पटना सिटी एसपी दीक्षा का कैडर बदला, बिहार से AGMUT कैडर में हुईं स्थानांतरित

    Share Add as a preferred…