बिहार में फिर डकैती का आतंक: प्रोफेसर के घर घुसे बदमाश, बच्ची को बंधक बनाकर काटे बाल, गांव में दहशत

दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले में एक बार फिर बदमाशों ने देर रात घर में घुसकर सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में प्रोफेसर स्वर्गीय कपलेश्वर चौधरी के घर में छत के रास्ते दाखिल हुए बदमाशों ने परिवार को निशाना बनाया। इस दौरान गहने और नकदी लूटने के साथ-साथ घर में सो रही बच्ची को बंधक बनाकर उसके बाल काट दिए। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है।

छत के रास्ते घर में घुसे बदमाश

जानकारी के अनुसार, बदमाश देर रात करीब 3 बजे छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। घर में मौजूद लोगों को डराकर उन्होंने कीमती सामान, गहने और नकदी लूट ली। वारदात के दौरान घर में सो रही बच्ची को बंधक बना लिया गया। आरोप है कि बदमाशों ने बच्ची के साथ मारपीट की और उसके बाल काटकर फरार हो गए।

एक सप्ताह में दूसरी घटना से ग्रामीणों में दहशत

ग्रामीणों का कहना है कि यह डरहार गांव में एक सप्ताह के भीतर दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले एक होम्योपैथी डॉक्टर के घर में बदमाश घुसे थे और उनकी छोटी बहू को बंधक बनाकर कथित तौर पर इंजेक्शन लगाने के बाद उसके भी बाल काट दिए थे।

लगातार हो रही इन घटनाओं से गांव के लोग दहशत में हैं और रात में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने पुलिस व्यवस्था पर उठाए सवाल

स्थानीय निवासी नीरज कुमार ने बताया कि बदमाश आराम से घर में घुसते हैं, कीमती सामान लूट लेते हैं और परिवार के लोगों को निशाना बनाकर फरार हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि लगातार दूसरी घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद बहादुरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा बदमाशों की पहचान के लिए छापेमारी कर रही है।

क्या बोले थानाध्यक्ष?

बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुनजय कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    एससी-एसटी आवासीय विद्यालयों की 24 घंटे होगी ऑनलाइन निगरानी, पटना के कमांड कंट्रोल रूम से जुड़े सभी 91 स्कूल

    Share Add as a preferred…

    बांकीपुर उपचुनाव में बढ़ी सियासी गर्मी, BJP-जन सुराज आक्रामक, RJD की बढ़ी मुश्किलें!

    Share Add as a preferred…