तेज प्रताप यादव का राघोपुर में तीखा हमला, कहा — “हरे झंडे वाली पार्टी फर्जी, असली लालू यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल”

वैशाली | 4 नवंबर 2025 | वैशाली जिले की राघोपुर विधानसभा सीट से जहां आरजेडी नेता तेजस्वी यादव चुनावी मैदान में हैं, वहीं सोमवार को उनके बड़े भाई और जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपने प्रत्याशी प्रेम कुमार के समर्थन में राघोपुर में चुनावी सभा की।

सभा के दौरान तेज प्रताप यादव ने आरजेडी और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता को “बहरूपियों” के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए। तेज प्रताप ने दावा किया कि “हरे झंडे वाली पार्टी फर्जी है, असली लालू यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल है।”

उन्होंने कहा —

“कुछ लोग जनता को भरमाने का काम कर रहे हैं और कहते हैं कि पार्टी सब कुछ होती है, लेकिन मैं कहता हूं कि जनता सब कुछ होती है। जनता ही पार्टी बनाती और बिगाड़ती है, जनता ही सरकार बनाती है।”

तेज प्रताप यादव ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर भी सभा की तस्वीरें साझा कीं और लिखा कि राघोपुर में जनशक्ति जनता दल की लहर दौड़ रही है।

उन्होंने पोस्ट में कहा —

“आज राघोपुर विधानसभा से हमारे उम्मीदवार प्रेम कुमार जी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। हजारों की भीड़ और जनता का आशीर्वाद इस बात का प्रमाण है कि राघोपुर में जनशक्ति जनता दल की भारी लहर है।”

तेज प्रताप ने आगे लिखा —

“महुआ और राघोपुर दोनों मेरे परिवार जैसे हैं। यहां की जनता हमें भरपूर आशीर्वाद देने जा रही है। हम वादा करते हैं कि राघोपुर की सभी बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार काम करेंगे।”

सभा के अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि

“6 नवंबर को जनशक्ति जनता दल के ब्लैकबोर्ड चुनाव चिह्न पर मतदान कर प्रेम कुमार को भारी मतों से विजयी बनाएं।”


 

  • ये भी पढ़े..

    बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 11 IAS अधिकारियों का तबादला, कई जिलों और विभागों में नई जिम्मेदारियां

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर में उमस से जल्द राहत के आसार, बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी

    Share Add as a preferred…