
पटना: बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 11 अधिकारियों का तबादला कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा रविवार देर रात जारी अधिसूचना के अनुसार कई महत्वपूर्ण विभागों, निगमों और जिलों में नई नियुक्तियां की गई हैं। तीन नगर आयुक्तों और तीन जिलाधिकारियों सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

अभिषेक कुमार पाराशर को नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी
2010 बैच के IAS अधिकारी और शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (BUIDCO) के प्रबंध निदेशक अभिषेक कुमार पाराशर को सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग का प्रभार सौंपा गया है।
शीर्षत कपिल अशोक बने कॉम्फेड के एमडी
2011 बैच के IAS अधिकारी शीर्षत कपिल अशोक को कॉम्फेड (COMFED) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा उन्हें आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी, बिहार राज्य फल एवं सब्जी विकास निगम के प्रबंध निदेशक तथा डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के प्रभारी सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

निलेश रामचंद्र देवरे को अतिरिक्त जिम्मेदारी
2011 बैच के IAS अधिकारी निलेश रामचंद्र देवरे को नगर विकास एवं आवास विभाग में विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
भागलपुर, बांका और गोपालगंज के डीएम बदले
भागलपुर के जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी को बिहार राज्य पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। उन्हें नगर विकास विभाग में विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
बांका के डीएम नवदीप शुक्ला को विशेष सचिव, युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग बनाया गया है। साथ ही उन्हें बिहार कौशल विकास मिशन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है।
गोपालगंज के डीएम पवन कुमार सिंह को उच्च शिक्षा विभाग में विशेष सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है।
किशनगंज डीएम विशाल राज बने पावर जेनरेशन कंपनी के एमडी
2017 बैच के IAS अधिकारी विशाल राज को किशनगंज जिलाधिकारी पद से हटाकर बिहार राज्य पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
नगर आयुक्तों का भी तबादला
पूर्णिया नगर निगम के आयुक्त कुमार मंगलम को सचिव, राजस्व परिषद, पटना बनाया गया है।
गया नगर निगम के आयुक्त अभिषेक पलासिया को संयुक्त सचिव, पथ निर्माण विभाग में भेजा गया है।
बिहारशरीफ नगर निगम के आयुक्त कुमार निशांत विवेक को निदेशक, प्राथमिक शिक्षा विभाग के पद पर नियुक्त किया गया है।
स्वास्थ्य, वित्त और पर्यटन विभाग में नई तैनाती
2019 बैच के IAS अधिकारी स्पर्श गुप्ता को राज्य स्वास्थ्य समिति का अपर कार्यपालक निदेशक बनाया गया है।
2020 बैच के अधिकारी श्रेष्ठ अनुपम को संयुक्त सचिव, वित्त विभाग में पदस्थापित किया गया है।
वहीं प्रदीप सिंह को पर्यटन विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
अनन्या सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी
2020 बैच की IAS अधिकारी अनन्या सिंह को जीविका (ग्रामीण विकास विभाग) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें मनरेगा आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
तत्काल प्रभाव से लागू हुआ आदेश
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सभी अधिकारियों की नई पदस्थापना तत्काल प्रभाव से लागू होगी। सरकार का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से विभिन्न विभागों और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी तथा प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।



