बिहार में आंधी-बारिश का तांडव: बगहा में दो दर्जन से ज्यादा पेड़ धराशायी, रेलवे गेट टूटा; मोतिहारी में 90 साल पुराना पेड़ गिरा

पटना/बगहा/मोतिहारी: बिहार के कई जिलों में सोमवार को आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। पश्चिम चंपारण के बगहा से लेकर पूर्वी चंपारण के मोतिहारी तक तेज हवाओं के कारण पेड़ उखड़ गए, रेलवे संपत्तियों को नुकसान पहुंचा और कई इलाकों में आवागमन प्रभावित हो गया। अचानक बदले मौसम ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया।

बगहा में आंधी का कहर, दो दर्जन से अधिक पेड़ गिरे

बगहा अनुमंडल क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश के कारण करीब दो दर्जन से अधिक पेड़ टूटकर या जड़ से उखड़कर गिर गए। अनुमंडल कार्यालय परिसर, बगहा-2 प्रखंड कार्यालय समेत कई सरकारी परिसरों में भारी नुकसान की सूचना है। कई जगहों पर सड़कें अवरुद्ध हो गईं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

तेज हवाओं की चपेट में आकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) कार्यालय परिसर में लगा संचार टावर भी धराशायी हो गया। इससे संचार सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

रेलवे को बड़ा नुकसान, गेट का बूम टूटा

आंधी का सबसे ज्यादा असर बगहा के कैलाशनगर स्थित रेलवे गेट संख्या-51 पर देखने को मिला। तेज हवा के झोंकों से रेलवे फाटक का बूम टूटकर गिर गया और उसके नीचे से गुजर रही विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके कारण रेल परिचालन अस्थायी रूप से प्रभावित हो गया और यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।

घटना की सूचना मिलते ही नरकटियागंज से रेलवे की मेंटेनेंस टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया।

बगहा आरपीएफ पोस्ट प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि तेज आंधी के कारण रेलवे को नुकसान पहुंचा है। क्षतिग्रस्त बूम और विद्युत तारों को दुरुस्त किया जा रहा है तथा मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद रेल परिचालन सामान्य कर दिया जाएगा।

मोतिहारी में गिरा 90 साल पुराना विशाल पेड़

उधर, पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि प्रखंड अंतर्गत सोनबरसा पंचायत के वार्ड संख्या-7 में तेज आंधी और बारिश के दौरान करीब 90 वर्ष पुराना विशाल पेड़ मुख्य सड़क पर गिर गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।

हालांकि पेड़ गिरने से गांव की मुख्य सड़क पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पेड़ हटाकर यातायात बहाल करने की मांग की है।

प्रशासन कर रहा नुकसान का आकलन

आंधी और बारिश के बाद प्रशासन विभिन्न क्षेत्रों में हुए नुकसान का आकलन कर रहा है। कई जगहों पर बिजली, संचार और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने भी लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।

  • ये भी पढ़े..

    गोपालगंज में सनसनी: युवक की हत्या के बाद उसके ही मोबाइल से आया WhatsApp मैसेज, फिर चंवर से मिला खून से लथपथ शव

    Share Add as a preferred…

    MLC टिकट पर बढ़ी सियासी गर्मी: उपेंद्र कुशवाहा ने दिलाई पुराने वादे की याद, बोले- “जिसने वादा किया था, उसी से पूछिए”

    Share Add as a preferred…