
भागलपुर: भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र में एनएच-80 स्थित बाबूपुर मोड़ के पास शुक्रवार रात स्कॉर्पियो और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और स्कॉर्पियो सड़क किनारे नाले में पलट गई।
मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
मृतक की पहचान सबौर प्रखंड के चकसिकंदर रोड निवासी अजीत कुमार (50) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह ऑटो से भागलपुर से सबौर स्टेशन जा रहे थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मायागंज अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान अजीत कुमार की मौत हो गई।
वहीं, दूसरे घायल अनिरुद्ध कुमार, जो कहलगांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं, का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है।
चालक वाहन छोड़कर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक समेत उसमें सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर उसके मालिक और चालक की पहचान शुरू कर दी है।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो (रजिस्ट्रेशन संख्या BR-10 PA-5773) के आधार पर वाहन मालिक और चालक का पता लगाया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
बाबूपुर मोड़ पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने से बढ़ रही परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाबूपुर मोड़ के पास एनएच-80 किनारे स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। इससे वाहन चालकों को दूर तक देखने में परेशानी होती है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने बताया कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हुई है।


