पटना, 13 जून।विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून को राजधानी पटना स्थित IAS भवन में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन की पहल IAS, IPS और IFS एसोसिएशन ने की है, जिसमें IAS, IPS और IFS वाइफ्स एसोसिएशन का भी सक्रिय सहयोग रहेगा। शिविर का संचालन मां ब्लड सेंटर के सहयोग से किया जाएगा।
सुबह 9:15 बजे होगा उद्घाटन
शिविर का उद्घाटन बिहार के मुख्य सचिव श्री अमृत लाल मीणा, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार और प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री प्रभात कुमार गुप्ता संयुक्त रूप से करेंगे। इस अवसर पर बिहार-झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव श्री वी.एस. दुबे (सेवानिवृत्त IAS अधिकारी) मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
2021 से लगातार हो रहा आयोजन
गौरतलब है कि यह आयोजन वर्ष 2021 से निरंतर किया जा रहा है। इसका उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है।
सभी अधिकारियों और परिवारजनों से भागीदारी की अपील
मुख्य सचिव श्री अमृत लाल मीणा ने सभी अधिकारियों और उनके परिजनों से इस शिविर में रक्तदान कर “रक्तवीरों” का हौसला बढ़ाने की अपील की। पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार ने रक्तदान को मानवता की सेवा का सबसे बड़ा रूप बताया और सभी अधिकारियों से इस पुनीत कार्य में भागीदारी की अपील की।
कोविड काल में हुई थी शुरुआत
अपर मुख्य सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, श्री दीपक कुमार ने बताया कि कोविड काल में रक्त की कमी को देखते हुए इस शिविर की शुरुआत की गई थी, जो अब एक सामाजिक आंदोलन बन चुका है।
सभी से अपील
IAS, IPS और IFS एसोसिएशन ने सभी अधिकारियों, उनके परिवारजनों और आम लोगों से इस मानवीय सेवा अभियान में शामिल होने और किसी का जीवन बचाने में सहभागी बनने की अपील की है।


