बिहार के सरकारी स्कूल में शर्मनाक कांड: 12 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में शिक्षक पर POCSO केस, माफी पत्र भी आया सामने

किशनगंज | बिहार के किशनगंज जिले से सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। पोठिया थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रमनिया पोखर के एक शिक्षक पर अपनी ही 12 वर्षीय छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगा है। छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक मो. अजमल के खिलाफ POCSO (पॉक्सो) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छात्रा ने लगाया गंभीर आरोप

पीड़ित छात्रा ने 11 जुलाई को पोठिया थाना में दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया कि शिक्षक ने स्कूल परिसर में उसके साथ अनुचित हरकत की। जब उसने विरोध किया तो आरोपी शिक्षक ने उसे धमकाते हुए घटना के बारे में किसी से भी कुछ नहीं बताने की चेतावनी दी।

पिता की मौत के बाद मानसिक तनाव में थी बच्ची

जानकारी के अनुसार, छात्रा हाल ही में अपने पिता को खो चुकी है और मानसिक रूप से परेशान थी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उसने घटना की जानकारी विद्यालय के कुछ शिक्षकों को दी थी, लेकिन आरोप है कि मामले को दबाने की कोशिश की गई।

पंचायत स्तर पर समझौते की कोशिश, शिकायत दर्ज होने में हुई देरी

बताया जा रहा है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पंचायत स्तर पर मामले को सुलझाने के प्रयास किए गए, जिसके कारण पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई। बाद में छात्रा और उसकी मां ने साहस दिखाते हुए थाने पहुंचकर न्याय की मांग की। परिवार ने आरोपी शिक्षक के प्रभावशाली होने के कारण अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।

ग्रामीणों का प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा के परिजन और ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने भी मामले की सूचना तत्काल प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को भेज दी।

आरोपी शिक्षक ने लिखित में जताया खेद

विद्यालय सूत्रों के अनुसार, प्रधानाध्यापक द्वारा स्पष्टीकरण मांगे जाने पर आरोपी शिक्षक ने लिखित रूप से अपने व्यवहार पर खेद व्यक्त करते हुए माफी मांगी है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया अपने स्तर पर जारी रहेगी।

पुलिस ने दर्ज किया POCSO केस

पोठिया थाना पुलिस ने छात्रा के आवेदन के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

पोठिया थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडेय ने कहा,
“आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

  • ये भी पढ़े..

    बिहार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्रांति की तैयारी, राज्य को तकनीकी नवाचार का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम

    Share Add as a preferred…

    बिहार में थानाध्यक्ष सस्पेंड! अपहरण पीड़ित को 24 घंटे हाजत में रखा, आरोपी को छोड़ने और सूदखोरी मामले में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई

    Share Add as a preferred…