
मोतिहारी: बिहार पुलिस विभाग ने कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्वी चंपारण जिले के रामगढ़वा थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजीव कुमार साह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पश्चिम चंपारण रेंज के डीआईजी हरकिशोर राय ने विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की है।
थानाध्यक्ष पर अपहरण के एक मामले में गंभीर लापरवाही, अपहरण पीड़ित को बिना वैधानिक प्रक्रिया के करीब 24 घंटे तक थाना हाजत में रखने तथा सूदखोरी के मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगे थे।
अपहरण पीड़ित को ही कर दिया हाजत में बंद
पूरा मामला रामगढ़वा थाना क्षेत्र के रखवरिया गांव का है। पीड़िता सुनीता देवी ने शिकायत में बताया कि 15 जून 2026 को उनके पति बालकन्हाई महतो का अपहरण कर लिया गया था।
सूचना मिलने के बाद डायल-112 पुलिस ने बालकन्हाई महतो और कथित अपहरणकर्ता दोनों को बरामद कर थाने लाया। आरोप है कि थाने पहुंचने के कुछ ही समय बाद कथित अपहरणकर्ता को छोड़ दिया गया, जबकि अपहरण के शिकार बालकन्हाई महतो को बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के करीब 24 घंटे तक हाजत में बंद रखा गया।
सूदखोरी मामले में भी नहीं हुई कानूनी कार्रवाई
विभागीय जांच में यह भी सामने आया कि थानाध्यक्ष को क्षेत्र में चल रही सूदखोरी की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने या कानूनी कार्रवाई करने के बजाय केवल पूछताछ कर मामला खत्म करने की कोशिश की।
जांच रिपोर्ट में इसे भी गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना गया।
स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं हुआ विभाग
डीआईजी कार्यालय ने 27 जून 2026 को तत्कालीन थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा था। उन्होंने 29 जून को अपना जवाब दिया, लेकिन विभागीय समीक्षा में उनके स्पष्टीकरण को असंतोषजनक माना गया।
‘पुलिस की छवि धूमिल हुई’
डीआईजी हरकिशोर राय ने अपने आदेश में कहा कि संबंधित अधिकारी का आचरण कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता और मनमाने रवैये को दर्शाता है। इस तरह की कार्यशैली से पुलिस विभाग की छवि प्रभावित होती है और आम लोगों का कानून व्यवस्था पर विश्वास कमजोर पड़ता है।
विभागीय कार्रवाई भी शुरू
निलंबन के साथ ही राजीव कुमार साह के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस विभाग का कहना है कि ड्यूटी में लापरवाही और नियमों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


