वैशाली में डबल मर्डर से सनसनी: छुट्टी पर घर आए आर्मी जवान और पिता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, रास्ते के विवाद में चली गोलियां

वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में रविवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासो (राजसन) गांव में रास्ते के विवाद को लेकर हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें एक आर्मी जवान और उनके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

छुट्टी पर घर आए थे सेना के जवान

मृतकों की पहचान मुनारिक राय और उनके पुत्र जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। जितेंद्र कुमार भारतीय सेना में जवान थे और राजस्थान के जोधपुर में तैनात थे। वह कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर अपने गांव आए थे, लेकिन घर लौटने के कुछ ही दिनों बाद इस दर्दनाक घटना का शिकार हो गए।

रास्ते के विवाद में चली गोलियां

जानकारी के अनुसार, मुनारिक राय का अपने पटीदारों के साथ रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार सुबह इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

आरोप है कि इसी दौरान मुनारिक राय के भतीजे ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें पिता-पुत्र को गोली लग गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

दोहरी हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

एसपी और एसडीपीओ ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा और हाजीपुर सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मुख्य आरोपी की तलाश में छापेमारी

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

एसपी शुभांक मिश्रा ने कहा,

“मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों की विस्तार से पड़ताल की जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    JDU में बढ़ी अंदरूनी कलह! सांसद रामप्रीत मंडल का बड़ा दावा- ‘2 महीने से नीतीश कुमार से मिलने का समय नहीं मिला, सम्राट चौधरी ने 2 मिनट में बुला लिया’

    Share Add as a preferred…

    बांकीपुर उपचुनाव पर JDU का बड़ा दावा: ‘NDA जीतेगा 1 लाख वोटों से’, प्रशांत किशोर पर नीरज कुमार का तीखा हमला

    Share Add as a preferred…