
पटना: जनता दल (यूनाइटेड) में अंदरूनी खींचतान की चर्चाओं के बीच अब पार्टी के ही सांसद रामप्रीत मंडल का एक कथित वीडियो सामने आया है, जिसने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है। वायरल वीडियो में सांसद दावा करते दिख रहे हैं कि वे पिछले दो महीने से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने का समय मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें मुलाकात का अवसर नहीं मिल रहा।
नोट: इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
‘हर बार कोई न कोई बहाना बना दिया जाता है’
वीडियो में रामप्रीत मंडल कथित तौर पर कहते हैं कि कभी नीतीश कुमार की तबीयत खराब होने का हवाला दिया जाता है, तो कभी अन्य कारण बताकर मुलाकात टाल दी जाती है। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री के आसपास मौजूद लोग उनसे मिलने नहीं दे रहे हैं।
‘सम्राट चौधरी ने दो मिनट में बुला लिया’
सांसद ने यह भी दावा किया कि उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने का समय मांगा तो उन्हें महज दो मिनट में मुलाकात का अवसर मिल गया, जबकि नीतीश कुमार से मिलने के लिए महीनों से इंतजार करना पड़ रहा है।
‘पिछड़ा और अति पिछड़ा समाज नाराज’
वीडियो में सांसद यह भी कहते नजर आते हैं कि पिछड़ा और अति पिछड़ा समाज की समस्याओं को वे मुख्यमंत्री तक पहुंचाना चाहते थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाने से उनकी बातें सरकार तक नहीं पहुंच पा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि इस वर्ग के लोगों में पार्टी को लेकर नाराजगी बढ़ रही है।
‘अगली बार टिकट नहीं मिलेगा’
रामप्रीत मंडल ने कथित तौर पर यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि अगला लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी से टिकट नहीं मिलेगा। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री के आसपास मौजूद लोग उन्हें दोबारा टिकट नहीं मिलने देंगे।
बढ़ सकती है राजनीतिक चर्चा
सांसद का यह कथित बयान ऐसे समय सामने आया है, जब जेडीयू के भीतर संगठन और नेतृत्व को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पार्टी की ओर से इस वायरल वीडियो और उसमें किए गए दावों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


