SBI फील्ड ऑफिसर 40 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार: पत्थरकट्टी शाखा में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

नीमचक बथानी (गया)। बिहार के गया जिले के नीमचक बथानी प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। विजिलेंस/CBI टीम ने (SBI) की पत्थरकट्टी शाखा में तैनात फील्ड ऑफिसर रवि रंजन कुमार को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों में हड़कंप देखने को मिला।

लोन पास कराने के नाम पर मांगी जा रही थी घूस

जानकारी के अनुसार, छतनी गांव निवासी निरंजन कुमार ने बैंक में 10 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि फील्ड ऑफिसर रवि रंजन कुमार ने लोन स्वीकृत कराने के एवज में 95 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। लगातार दबाव और लेन-देन की मांग से परेशान होकर आवेदक ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से की।

शिकायत के बाद बिछाया गया ट्रैप

शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। योजना के तहत पीड़ित को तय रकम लेकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही फील्ड ऑफिसर ने 40 हजार रुपये की पहली किस्त ली, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद बैंक में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई की खबर फैलते ही SBI की पत्थरकट्टी शाखा में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई कर्मचारी अचानक चुप्पी साधते नजर आए, जबकि कुछ लोग इधर-उधर भागते दिखे। बैंक परिसर में मौजूद ग्राहकों के बीच भी इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बन गया।

ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इस शाखा में बिना कमीशन के लोन पास कराना बेहद मुश्किल था। कई मामलों में 10 प्रतिशत तक कमीशन लेने की बात सामने आती रही है। इस गिरफ्तारी के बाद इन आरोपों को और बल मिला है।

पूरे नेटवर्क की जांच की संभावना

सूत्रों के मुताबिक, विजिलेंस टीम इस मामले को केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि पूरे सिस्टम की जांच की जा सकती है। आशंका जताई जा रही है कि जांच के दौरान बैंक के अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी उजागर हो सकती है।

फिलहाल आरोपी फील्ड ऑफिसर से पूछताछ जारी है और विजिलेंस टीम आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

  • ये भी पढ़े..

    CM सम्राट चौधरी के गोपालगंज दौरे की तैयारी तेज: डीएम-एसपी ने किया कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

    Share Add as a preferred…

    बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: सम्राट सरकार ने 9 IAS अधिकारियों का किया तबादला, कई विभागों में नए सचिव नियुक्त

    Share Add as a preferred…