
गोपालगंज: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित 18 जुलाई के गोपालगंज दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी समीर सौरभ और पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने संयुक्त रूप से विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और वीआईपी प्रोटोकॉल से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थावे दुर्गा मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
डीएम और एसपी ने सबसे पहले थावे दुर्गा मंदिर परिसर पहुंचकर मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं की आवाजाही, साफ-सफाई और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड का भी किया निरीक्षण
इसके बाद दोनों अधिकारियों ने चनावे जेल के समीप प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में मुकरी टोला स्थित हेलीपैड का भी जायजा लिया गया। यहां हेलीपैड की तकनीकी तैयारियों, सुरक्षा घेरा, अग्निशमन व्यवस्था, एंबुलेंस, वीआईपी मूवमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट का विस्तृत आकलन किया गया।
सभी विभागों को समय पर तैयारी पूरी करने का निर्देश
जिलाधिकारी समीर सौरभ ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करें।
वहीं पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को सतर्क रहने तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।
युद्धस्तर पर चल रही हैं तैयारियां
जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री के गोपालगंज दौरे को लेकर सभी तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि मुख्यमंत्री का दौरा पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो।


