झाझा/सुईया, 3 सितंबर।अवैध बालू खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस पर मंगलवार सुबह बालू माफिया ने हमला बोल दिया। आरोपियों ने पुलिस वाहन पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की, साथ ही फायरिंग और पथराव भी किया। हमले में तीन महिला पुलिसकर्मियों समेत पांच जवान घायल हो गए।
घटना झाझा थाना क्षेत्र के बोड़वा चौक से शुरू होकर बांका जिले के सुईया थाना क्षेत्र तक चली। आरोप है कि भूसी गांव निवासी पिंटू यादव ने एक दारोगा की पिस्टल छीनने की कोशिश की। इसी दौरान गोली चल गई और बदमाश पिंटू यादव के पैर में लगी। उसका इलाज बांका में कराया जा रहा है।
हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिसकर्मियों को जान बचाकर पीछे हटना पड़ा। मौके से एक आरोपी को पकड़ा गया था, लेकिन बालू माफिया ने ट्रैक्टर और अपने साथी को छुड़ा लिया।
एफआईआर दर्ज
झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि एसआई क्षैवर राम के बयान पर झाझा थाना में पिंटू यादव, देवानंद, मेहंदी के नवीन कुमार और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं गोली से जख्मी आरोपी के बयान पर सुईया थाना में भी केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान कर ली है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।


