
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दोनों चरणों का मतदान संपन्न हो चुका है और अब राज्य की निगाहें 14 नवंबर को होने वाली मतगणना और नतीजों पर टिकी हैं। इसी बीच आरजेडी नेता सुनील कुमार सिंह के बयान ने सियासी माहौल को गर्मा दिया है।
लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के करीबी माने जाने वाले तथा तेजस्वी यादव के मुंहबोले मामा कहे जाने वाले सुनील कुमार सिंह ने कहा कि अगर मतगणना में किसी तरह की गड़बड़ी की गई, तो बिहार में हालात बेकाबू हो जाएंगे।
सुनील कुमार सिंह ने दिया विवादित बयान:
राजद नेता ने कहा, “अगर हार-जीत के लिए मतगणना में कोई गड़बड़ी की गई, तो बिहार में नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे हालात बन जाएंगे। ऐसी स्थिति होगी जिसे संभालना मुश्किल होगा।”
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर चुनाव परिणामों में किसी भी तरह की धांधली हुई, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और राजद कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे।
एनडीए ने कहा — “हार के डर से बौखलाहट”
राजद नेता के इस बयान पर एनडीए के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। एनडीए नेताओं का कहना है कि सुनील कुमार सिंह को अपनी हार साफ नजर आ रही है, इसलिए वह मतगणना से पहले ही माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान:
सुनील कुमार सिंह पहले भी अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। इस बार भी मतगणना से ठीक पहले उनका यह बयान बिहार की राजनीति में नई बहस छेड़ रहा है।



