राजस्व मंत्री संजय सरावगी करेंगे जिलों का दौरा, योजनाओं के क्रियान्वयन की लेंगे समीक्षा

दरभंगा, मुंगेर और समस्तीपुर में होगी समीक्षा बैठकें, दाखिल-खारिज से लेकर बसेरा-2 अभियान तक योजनाओं की होगी जांच

पटना, 16 मई।राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से विभाग के मंत्री संजय सरावगी खुद जिलों का दौरा करेंगे। वे आगामी दिनों में दरभंगा, मुंगेर और समस्तीपुर जिलों में जाकर विभागीय कार्यों और योजनाओं की स्थिति की गहन समीक्षा करेंगे।

समीक्षा बैठकों का शेड्यूल इस प्रकार है:

  • दरभंगा – 16 मई
  • मुंगेर – 19 मई
  • समस्तीपुर – 22 मई

इन बैठकों में संबंधित जिलों के एडीएम (राजस्व), डीसीएलआर, और सभी अंचलाधिकारी उपस्थित रहेंगे। बैठक की अध्यक्षता स्वयं मंत्री संजय सरावगी करेंगे, जबकि विभाग के सचिव जय सिंह और अन्य वरीय अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

राजस्व विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, इन बैठकों में दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, भूमि सर्वेक्षण, जमीन अधिग्रहण, भूमिहीनों को बासगीत पर्चा वितरण और अभियान बसेरा-2 जैसी प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

मंत्री संजय सरावगी ने कहा,
“हमारा उद्देश्य है कि विभागीय सेवाएं आम जनता तक आसानी से पहुँचे। समीक्षा के जरिए हम जान सकेंगे कि जमीनी स्तर पर क्या चुनौतियाँ हैं और उन्हें कैसे दूर किया जाए। दाखिल-खारिज और बसेरा-2 जैसी योजनाओं के लाभ में किसी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।”

वहीं, अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने कहा,
“अभियान बसेरा-2 हमारी शीर्ष प्राथमिकताओं में है। लोग विभाग की सेवाओं का लाभ ऑनलाइन आवेदन या नजदीकी सीएससी सेंटर के माध्यम से ले सकते हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।”

विभाग का फोकस यह सुनिश्चित करना है कि सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।


 

  • ये भी पढ़े..

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *