
पटना, 22 जुलाई: बिहार पुलिस रेडियो (वितंतु) में सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक) के 462 पदों पर भर्ती के लिए बुधवार को प्रारंभिक लिखित परीक्षा आयोजित की गई। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से आयोजित यह परीक्षा राज्य के 11 जिलों के 189 परीक्षा केंद्रों पर एक पाली में शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई।
45 फीसदी रही अभ्यर्थियों की उपस्थिति
आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, परीक्षा में अभ्यर्थियों की 45 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की गई थी।
छपरा में ब्लूटूथ डिवाइस के साथ एक अभ्यर्थी गिरफ्तार
आयोग के अनुसार, छपरा के राजेंद्र कॉलेजियट स्कूल परीक्षा केंद्र से एक अभ्यर्थी को ब्लूटूथ उपकरण के साथ पकड़ा गया। उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
कदाचार रोकने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल
परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी सर्विलांस, हॉटलाइन, प्रवेश द्वार पर फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी तथा बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट सत्यापन जैसी व्यवस्थाएं की गई थीं। आयोग ने कदाचार रोकने के लिए आधुनिक तकनीकी उपकरणों का भी उपयोग किया।
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के विशेष कार्य पदाधिकारी किरण कुमार ने बताया कि परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और अधिकांश केंद्रों पर व्यवस्था सुचारु रही।
(यह समाचार बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।)


