क्या दिल की बात बोल गए मंत्री साहब? रामकृपाल यादव ने कहा- “BJP अपने गिरेबान में झांके”

बिहार की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी के बीच जुबान फिसलने का मामला चर्चा का विषय बन गया है। बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता Ram Kripal Yadav का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह आरजेडी पर हमला करने के दौरान अनजाने में अपनी ही पार्टी बीजेपी का नाम ले बैठे।

क्या बोले मंत्री?

दरअसल, मंत्री रामकृपाल यादव राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के दलित नेता और पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम को लेकर पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठा रहे थे। इसी दौरान वह कहना चाहते थे कि “RJD को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए”, लेकिन उनकी जुबान फिसल गई और उन्होंने कह दिया कि “BJP अपने गिरेबान में झांके।”

बयान के दौरान उन्होंने कहा कि एक बड़े दलित नेता की उपेक्षा की जा रही है और पार्टी को आत्ममंथन करना चाहिए। हालांकि पार्टी का नाम लेते वक्त उनसे चूक हो गई और विपक्ष पर हमला करते-करते अपनी ही पार्टी का नाम निकल गया।

बयान के बाद बदले चेहरे के भाव

जैसे ही मंत्री के मुंह से “भाजपा अपने गिरेबान में झांके” निकला, उन्हें तुरंत अपनी गलती का एहसास हो गया। कैमरे में उनके चेहरे के भाव और प्रतिक्रिया भी कैद हो गई, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।

सोशल मीडिया पर आई प्रतिक्रियाओं की बाढ़

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने इसे “जुबान फिसलना” बताया तो कुछ ने इसे “दिल की बात जुबान पर आ जाना” कहकर तंज कसा।

एक यूजर ने लिखा, “कभी-कभी सच्चाई अनजाने में ही बाहर आ जाती है।”
वहीं दूसरे ने टिप्पणी की, “नेता जी ने जो कहना नहीं था, वही बोल दिया।”

क्या है शिवचंद्र राम विवाद?

मामले की पृष्ठभूमि बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव से जुड़ी है। RJD द्वारा Shivchandra Ram को उम्मीदवार नहीं बनाए जाने के बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई थी। पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर उपेक्षा का आरोप लगाया और संगठन के कई पदों से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। इस दौरान वह भावुक होकर रो भी पड़े थे, जिसका वीडियो भी काफी चर्चा में रहा।

अब मंत्री रामकृपाल यादव का यह बयान और उसमें हुई चूक बिहार की राजनीतिक गलियारों में नई बहस का विषय बन गई है। विपक्ष जहां इस पर तंज कस रहा है, वहीं सोशल मीडिया पर लोग इसे लेकर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

  • ये भी पढ़े..

    पटना सिटी एसपी दीक्षा का कैडर बदला, बिहार से AGMUT कैडर में हुईं स्थानांतरित

    Share Add as a preferred…

    बिहार की चार महिला IPS अधिकारियों को मिला प्रमोशन, गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना

    Share Add as a preferred…