राज्यसभा चुनाव: तेजस्वी के नाम की चर्चा पर जेडीयू का तंज, “पांचों सीट एनडीए जीतेगा”

पटना। बिहार में 5 सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। चार सीटों पर एनडीए की जीत लगभग तय मानी जा रही है, जबकि पांचवीं सीट पर मुकाबला रोचक होता दिख रहा है। इसी बीच महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव के राज्यसभा जाने की अटकलों ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।

तेजस्वी पर संजय झा का तंज

इन चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय झा, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, जनता दल (यूनाइटेड) ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान बड़े-बड़े दावे करने वाले नेताओं को अब समझ में आ गया है कि बिहार में उनके लिए कोई संभावना नहीं बची है।

संजय झा ने कहा, “अभी चुनाव में क्या-क्या बोल रहे थे? अब बिहार छोड़कर जाने के मूड में हैं क्या? उन्हें पता चल गया है कि मौजूदा स्थिति में आगे भी उनके लिए कोई जगह नहीं है। पांचवीं सीट भी एनडीए ही जीतेगा।”

जेडीयू से कौन जाएगा राज्यसभा?

राज्यसभा उम्मीदवारों के नाम को लेकर संजय झा ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ बैठक कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पांचों सीटों पर एनडीए की जीत का दावा है।

उपेंद्र कुशवाहा को दोबारा राज्यसभा भेजे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह फैसला एनडीए की बैठक में होगा। वहीं, निशांत कुमार की सक्रिय राजनीति में भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने टिप्पणी करने से परहेज किया।

शराबबंदी पर बयान

शराबबंदी कानून को लेकर उठ रही मांगों पर संजय झा ने कहा कि इस नीति से गांवों में सामाजिक बदलाव आया है, खासकर महिलाओं पर इसका सकारात्मक असर पड़ा है। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि कोई भी कानून शत-प्रतिशत लागू नहीं हो पाता।

जेडीयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर द्वारा शराबबंदी समाप्त करने के बयान पर उन्होंने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत विचार है।

16 मार्च को मतदान

बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होना है, जबकि नामांकन की अंतिम तिथि 5 मार्च है। मौजूदा विधानसभा संख्याबल के अनुसार चार सीटों पर एनडीए की स्थिति मजबूत है—दो सीटें जेडीयू और दो भारतीय जनता पार्टी के खाते में जा सकती हैं।

पांचवीं सीट के लिए एनडीए को तीन अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी। वहीं 35 विधायकों वाले महागठबंधन को जीत के लिए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के 5 और बहुजन समाज पार्टी के एक विधायक के समर्थन की दरकार होगी।

ऐसे में पांचवीं सीट पर राजनीतिक गणित और संभावित क्रॉस वोटिंग चुनाव को दिलचस्प बना सकती है।

  • ये भी पढ़े..

    सहरसा में पारिवारिक विवाद के बाद महिला ने दो बच्चों को खिलाया जहर, डेढ़ वर्षीय बेटी की मौत

    Share Add as a preferred…

    बिहार में गन्ना किसानों को बड़ी राहत, खरीदे गए गन्ने की पूरी राशि का हुआ शत-प्रतिशत भुगतान

    Share Add as a preferred…