संसद में राहुल गांधी के बयान पर हंगामा, चीन-डोकलाम मुद्दे पर सरकार से तीखे सवाल

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र में आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान लोकसभा में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। कांग्रेस की ओर से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बहस में हिस्सा लेते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा और चीन की घुसपैठ का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूर्व सेना प्रमुख की एक किताब का हवाला देते हुए डोकलाम विवाद पर केंद्र सरकार की नीति को लेकर सवाल खड़े किए, जिसके बाद भाजपा सांसदों ने कड़ा विरोध जताया।

राहुल गांधी ने उठाया चीन की घुसपैठ का मुद्दा

सदन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवालों पर सरकार स्पष्ट जवाब नहीं दे रही है। उन्होंने पूर्व आर्मी चीफ जनरल एम.एम. नरवणे के अप्रकाशित संस्मरणों के अंशों का जिक्र करते हुए दावा किया कि डोकलाम और चीन से जुड़े कई तथ्य जनता से छिपाए जा रहे हैं। जैसे ही राहुल गांधी ने किताब के कुछ अंश पढ़ने शुरू किए, सत्ता पक्ष के सांसदों ने विरोध शुरू कर दिया।

राजनाथ सिंह ने मांगा प्रमाण

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपनी सीट से खड़े होकर आपत्ति जताई और कहा कि नेता प्रतिपक्ष जिस किताब का हवाला दे रहे हैं, वह अब तक प्रकाशित ही नहीं हुई है, इसलिए उसे सदन में प्रस्तुत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना प्रमाण के इस तरह के गंभीर आरोप लगाना उचित नहीं है।

‘मेरा सोर्स प्रामाणिक है’ – राहुल गांधी

रक्षा मंत्री की आपत्ति पर राहुल गांधी ने जवाब देते हुए कहा कि उनका स्रोत पूरी तरह प्रामाणिक है और वे पूर्व सेना प्रमुख के संस्मरणों के आधार पर ही अपनी बात रख रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि अगर इन तथ्यों में सच्चाई नहीं है तो सरकार इन्हें सुनने से क्यों डर रही है। इस बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अप्रकाशित सामग्री पढ़ने की अनुमति देने से इनकार कर दिया।

करीब 45 मिनट तक चला हंगामा

राहुल गांधी के भाषण के दौरान सदन में लगभग 45 मिनट तक तीखी नोकझोंक होती रही। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जो किताब प्रकाशित ही नहीं हुई, उसका हवाला देकर आरोप लगाना संसदीय परंपराओं के खिलाफ है। वहीं राजनाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार सच्चाई को दबाने की कोशिश कर रही है और डोकलाम से जुड़े तथ्यों को जनता के सामने नहीं आने देना चाहती। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव और गहरा गया है।


 

  • Related Posts

    सहरसा में कलयुगी बेटों का खूनी खेल: जेल में बंद बेटे ने दी पिता की 4 लाख की सुपारी; शूटर और बड़ा भाई गिरफ्तार, हथियार बरामद

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    लक्ष्मीपुर में ‘अपहरण’ का द एन्ड: बंगाल के व्यवसायी को स्कॉर्पियो से ले जा रहे थे अपराधी; पुलिस ने दबोचा, बेहोश करने वाली गोलियां मिलीं

    Share Add as a preferred…

    Continue reading