
भागलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन मालदा टाउन से चलकर भागलपुर होते हुए गोमती नगर (लखनऊ) तक जाएगी। इस मौके पर भागलपुर जंक्शन पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर भागलपुर के सांसद अजय मंडल, कहलगांव के विधायक पवन यादव, मालदा डिवीजन के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता, भाजपा नेता मृणाल शेखर, बिहार भाजपा की मीडिया पैनलिस्ट प्रीति शेखर समेत शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
भागलपुर स्टेशन को इस अवसर पर दुल्हन की तरह सजाया गया था। स्टेशन परिसर में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया।
इस नई ट्रेन सेवा से भागलपुर और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और यात्रा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।


