
भागलपुर | नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकरपुर दियारा में बुधवार को अचानक मौसम का मिज़ाज बदला और तेज़ बारिश के दौरान गिरी आकाशीय बिजली ने एक परिवार को मातम में डुबो दिया। खेत में परवल तोड़ रहे लोगों पर गिरी बिजली से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पेड़ के नीचे बैठे थे सभी, तभी हुआ हादसा
घटना उस समय हुई जब तिलकामांझी थाना क्षेत्र के सच्चिदानंद नगर निवासी इंद्रदेव मंडल और अन्य तीन लोग परवल की खेती में काम कर रहे थे। बारिश शुरू होने पर सभी ने पास के एक पेड़ के नीचे शरण ली, लेकिन अचानक आकाशीय बिजली गिरने से इंद्रदेव की मौत हो गई और तीन लोग झुलसकर घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तत्काल मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की स्थिति फिलहाल गंभीर पर स्थिर बनी हुई है।
गांव में पसरा मातम, प्रशासन पहुंचा मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकारी राहत योजना के अंतर्गत मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, “यह रोज़ का काम था, खेत में परवल तोड़ने जाना। पर किसे पता था कि आज ऐसा दर्दनाक मंजर देखने को मिलेगा।”
प्राकृतिक आपदा ने छीन ली ज़िंदगी
शंकरपुर दियारा क्षेत्र में खेती करने वाले मजदूरों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी प्राकृतिक आपदाओं की चपेट में कितनी असुरक्षित है, यह हादसा उसी का दुखद उदाहरण है। गांव में घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है और पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा छा गया है।


