
भागलपुर (सुल्तानगंज प्रखंड)। मिरहट्टी पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय बिरबन्ना में सोमवार की रात से हो रही रिमझिम बारिश के कारण स्कूल की कक्षाओं में पानी भर गया। नतीजतन, विद्यालय का सामान्य पठन-पाठन कार्य प्रभावित हो गया है।
विद्यालय की हालत इतनी खराब है कि हल्की बारिश में ही कक्षाओं में पानी घुस जाता है। ऐसे में सभी कक्षाओं के बच्चों को एक ही कमरे में बिठाकर पढ़ाई कराई जा रही है। शिक्षकों ने बताया कि बारिश होते ही स्कूल परिसर जलमग्न हो जाता है, जिससे बच्चों को पढ़ाई में कठिनाई होती है।
शिक्षिका नीलम कुमारी, शिक्षक प्रशांत कुमार, रंजन कुमार और प्रविण कुमार ने बताया कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। स्थानीय ग्रामीण अरविंद कुमार ने भी बताया कि इस मुद्दे को कई बार संबंधित विभाग को लिखित रूप से अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
बारिश के मौसम में स्कूल की यह स्थिति न सिर्फ पठन-पाठन को प्रभावित कर रही है, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन चुकी है। मौके पर सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे, जो जलजमाव के बीच पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
स्थानीय प्रशासन से ग्रामीणों ने इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।


