पटना में पुलिस–अपराधी मुठभेड़, सोना लूटकांड का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल

पटना के बेऊर थाना क्षेत्र स्थित सिपारा इलाके में रामकृष्ण नगर सोना लूटकांड से जुड़े अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ हो गई। छापेमारी के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई।

इस दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान दिलीप कुमार के रूप में हुई है, जो बेऊर थाना क्षेत्र के ब्रह्मस्थानी का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती कराया है। मुठभेड़ के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई।

पटना के एसएसपी Kartikeya S Sharma ने बताया कि कुछ दिन पहले रामकृष्ण नगर इलाके में एक आभूषण दुकान में डकैती हुई थी, जिसकी जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई थी। जांच के दौरान उदित नाम के व्यक्ति से पूछताछ में दिलीप और रोहन का नाम सामने आया।

एसएसपी के अनुसार दिलीप वही आरोपी है जिसने दुकान में घुसकर लूटपाट की और मालिक के साथ मारपीट भी की थी। पूछताछ के दौरान उसने कई अहम जानकारी दी थी और अपने साथियों के नाम भी उजागर किए थे। वारदात के बाद सभी आरोपी गांव के पास खेतों में जाकर लूट के माल का बंटवारा करने लगे थे।

पुलिस ने बताया कि छापेमारी के दौरान आरोपी ने फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। गोली लगने के बाद आरोपी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। मौके से डकैती में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

अब तक इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य फरार अपराधियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

  • ये भी पढ़े..

    नालंदा में संतोष डॉन के खिलाफ बड़ा एक्शन, STF-EOU और पुलिस की संयुक्त छापेमारी से मचा हड़कंप

    Share Add as a preferred…

    मोतिहारी में 2 करोड़ की अफीम के साथ अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 4 गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…